- Hindi News
- National
- IMD Weather Update; Rajasthan Kerala Delhi | MP UP Rainfall Forecast Warnings
नई दिल्ली15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
तस्वीर पश्चिम बंगाल के संदकफू में ताजा बर्फबारी के बाद बर्फ से ढके इलाके की है।
देशभर में भीषण गर्मी, आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी है। इसी बीच पश्चिम बंगाल के संदकफू में ताजा बर्फबारी हुई। जम्मू में भारी बारिश हुई जिससे लोगों गर्मी से राहत मिली। देर शाम हुई बारिश के साथ सांबा में 80kmph की रफ्तार से आंधी भी चली। उधर हिमाचल में भी देर रात बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि आंधी-तूफान के दौर में छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में 111 kmph की रफ्तार से हवा चली। इससे राखी जोबा की राइस मिल में धान की बोरियां गिर गई। जिसके नीचे दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई। झारखंड के लातेहार में भी बिजली गिरने से एक की मौत हो गई।
राजस्थान में अभी भी तेज गर्मी पड़ रही है। जैसलमेर-बाड़मेर में गुरुवार को पारा 46° से ज्यादा रहा। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान के 20 शहरों में पारा 43° का आंकड़ा पार कर गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में ओले गिर सकते हैं। जबकि राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, में धूल भर आंधी चलेगी।
इसके अलावा जम्मू कश्मीर और लद्दाख, विदर्भ, तेलंगाना में गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ओडिशा, आंध्रप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, बंगाल, सिक्किम, बिहार, कनार्टक और केरल में तेज बारिश होगी।

मानवाधिकार आयोग की 11 राज्यों को हिदायत- एहतियाती कदम उठाएं
देश के कई हिस्सों में बढ़ते तापमान को देखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने गुरुवार को 11 राज्यों से तत्काल एहतियाती कदम उठाने को कहा है। इसमें उन लोगों का खास ध्यान रखने कहा गया है, जिन्हें गर्मी से जुड़ी बीमारियों का जोखिम ज्यादा है।
NHRC ने 2018 से 2022 के बीच गर्मी और लू के कारण 3,798 लोगों की मौत का हवाला देते हुए कहा कि कमजोर लोगों, विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, बाहरी श्रमिकों, बुजुर्गों, बच्चों और बेघरों की रक्षा के लिए तत्काल निवारक उपाय किए जाएं।
आयोग ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और राजस्थान के मुख्य सचिवों को लेटर भेजा है। जिसमें आश्रयों की व्यवस्था, राहत सामग्री की आपूर्ति, काम के घंटों में संशोधन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए स्टैंडर्ड प्रोसीजर की अपील की है।
देशभर में मौसम की तस्वीरें…

राजस्थान के बीकानेर में गर्मी से बचने लोग खुद को स्कार्फ से ढके नजर आए।

बंगाल के संदकफू में जनवरी में भी बर्फबारी हुई थी। लोग यहां बर्फ से ढकी चोटियां देखने आ रहे हैं।
अगले 3 दिनों का मौसम अपडेट…
- 3 मई- राजस्थान में धूल भर आंधी चलेगी। मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, सिक्किम, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में ओले गिर सकते हैं। केरल, अरुणाचल प्रदेश और कर्नाटक में बारिश का अलर्ट है। यूपी, पंजाब, चंडीगढ, दिल्ली, बिहार, गुजरात में गर्मी का यलो अलर्ट है।
- 4 मई- राजस्थान में धूल भर आंधी चलेगी। मध्यप्रदेश में ओले गिर सकते हैं। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तमिलनाडु-पुडुचेरी, कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि यूपी, पंजाब, चंडीगढ, दिल्ली, बिहार, गुजरात में गर्मी का यलो अलर्ट है।
- 5 मई- मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, सिक्किम, बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, तमिलनाडु-पुडुचेरी और त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट है। राजस्थान में धूल भरी आंधियां चल सकती हैं। मध्यप्रदेश, यूपी, पंजाब, चंडीगढ, दिल्ली, बिहार, गुजरात में गर्मी का यलो अलर्ट है।
